जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़े, दो महिलाओं समेत बच्चा घायल...
- 6h ago
कोसीकलां थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे 26 वर्षीय आशीष पुत्र राजेन्द्र निवासी ग्राम बरका को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर मृतक शौकीन का शव एक खेत में गड्ढे से बरामद किया गया है। मामले में दो अन्य आरोपी भी प्रकाश में आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 7 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:25 बजे पुलिस टीम ने ग्राम बरका से कोसी-शाहपुर रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर चौकी शाहपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर आशीष को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शौकीन ने टाइल लगाने के काम के नाम पर ओमप्रकाश उर्फ विष्णु से ₹25 हजार एडवांस लिए थे। पैसे वापस न करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और रंजिश हो गई। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते आशीष, ओमप्रकाश और ओमप्रकाश के भाई लक्ष्मण ने शौकीन की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को ओमप्रकाश ने फोन कर शौकीन को गोपालबाग बुलाया। वहां से आशीष और लक्ष्मण उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर 'जग्गो के कुएं' पर ले गए। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों ने शौकीन को शराब पिलाई और इसके बाद उसे कुएं के पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी कुएं में फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने अगले दिन 4 अक्टूबर की रात कांटेदार रस्सी और सीढ़ी की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद बांसा जाने वाली कच्ची चकरोड के पास पीपल के पेड़ के निकट स्थित खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। पुलिस का दावा है कि शव को जल्दी गलाने के लिए उसके ऊपर नमक भी डाला गया था।
आरोपी आशीष की निशानदेही पर पुलिस ने उक्त स्थान से मृतक शौकीन का शव बरामद कर लिया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या समेत संबंधित धाराओं को जोड़ते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मामले में ओमप्रकाश उर्फ विष्णु पुत्र चेतराम निवासी ग्राम बरका और उसका भाई लक्ष्मण भी प्रकाश में आए हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
आरोपी के खिलाफ थाना कोसीकलां में मु0अ0सं0 679/2026 के तहत धारा 126(2), 61(2), 140(1), 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह, उपनिरीक्षक उत्तम चौहान, उपनिरीक्षक विनीत नेहरा, हेड कांस्टेबल 1886 सुमित कुमार, कांस्टेबल मोहित मलिक और रिजर्व कांस्टेबल 111 अंकित कुमार शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से हत्या की वारदात का खुलासा करते हुए मृतक का शव बरामद किया गया है। अब पुलिस मामले में फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर