आस्था और शिक्षा के नाम पर चल रहे गुरुकुल की होगी मजिस्ट्रियल जांच

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 12h Ago 93 Views


वृंदावन के चैतन्य बिहार स्थित महर्षि पाणिनि गुरुकुल में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत के मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। हादसे में एक छात्र को गंभीर हालत में बचाया गया है। घटना के बाद पुलिस ने गुरुकुल संचालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चैतन्य बिहार स्थित महर्षि पाणिनि गुरुकुल में मंगलवार रात करीब 10 बजे सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए उतरे छात्रों के साथ दर्दनाक हादसा हुआ। जहरीली गैस की चपेट में आने से मध्य प्रदेश के देवांश शर्मा, हस्तिनापुर के विशु शर्मा, कौशांबी के आर्यन पांडे और जबलपुर के मनु कटारा की मौत हो गई। वहीं रुद्राक्ष नाम के छात्र को गंभीर हालत में बचा लिया गया।

हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुकुल संचालक आशीष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। मृतक छात्र विशु शर्मा के पिता मोहित शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने संचालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

प्रशासनिक जांच में गुरुकुल की व्यवस्था को लेकर भी कई गंभीर सवाल सामने आए हैं। बताया गया कि करीब 120 वर्गगज की चार मंजिला इमारत में बिना मान्यता गुरुकुल संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच में छात्रों के रहने की व्यवस्था और सेप्टिक टैंक की सफाई को लेकर भी सवाल उठे हैं।

SSP श्लोक कुमार के अनुसार गुरुकुल से करीब 120 बच्चों का रजिस्टर मिला है। पुलिस ने सभी बच्चों के परिजनों से संपर्क किया है। फिलहाल करीब 30 बच्चे आश्रम में सुरक्षित हैं और अपने परिवारों के लगातार संपर्क में हैं। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों और तथ्यों को जुटा रही है।

वहीं डीएम सीपी सिंह ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उन्हें 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि बिना मान्यता और पर्याप्त व्यवस्थाओं के संचालित ऐसे संस्थानों की जांच के लिए जिले में अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने गुरुकुलों में बच्चों की सुरक्षा, रहने की व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासनिक जांच और पुलिस विवेचना के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now