मथुरा में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में झड़प, मारपीट का वीडियो वायरल

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 13h Ago 382 Views


मथुरा। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत गुरुवार को मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इसी दौरान कार्यकर्ताओं के दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई।

प्रदर्शन के दौरान अचानक आमने-सामने आए कार्यकर्ताओं के बीच लात-घूंसे और चप्पलों से मारपीट होने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया।

बताया जा रहा है कि प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता श्याम सुंदर शर्मा तथा पार्टी से जुड़े अन्य नेताओं के समर्थक मौजूद थे। हालांकि, कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की वास्तविक वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। मामले में किसी पक्ष की ओर से क्या शिकायत दी गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि महानगर कांग्रेस कमेटी मथुरा-वृंदावन की ओर से 8 अक्टूबर को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ नारे के साथ होली गेट स्थित कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च और प्रदर्शन का कार्यक्रम घोषित किया गया था।

प्रदर्शन के दौरान हुई आपसी झड़प ने कांग्रेस के कार्यक्रम का माहौल जरूर बिगाड़ दिया और डीएम कार्यालय के बाहर हुई मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now