एकांतवास के बीच आश्रम पहुंचे संत प्रेमानंद महाराज, दर्शन पाकर खिले भक्तों के चेहरे

  • संवाददाता: राहुल ठाकुर
  • 15h Ago 128 Views


वृंदावन। एकांतवास में रह रहे संत प्रेमानंद महाराज गुरुवार तड़के अचानक बाराह घाट स्थित श्री हित राधा केलीकुंज आश्रम पहुंचे। महाराज के अचानक आश्रम पहुंचने की खबर मिलते ही बाहर मौजूद श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। भक्तों ने अपने आराध्य के दर्शन पाकर भावविभोर होकर आशीर्वाद लिया।

बताया जा रहा है कि गत 25 सितंबर को उनके शिष्य रसिक दुलारी शरण के साकेतवास और स्वास्थ्य कारणों के चलते संत प्रेमानंद महाराज बीते महीने से यमुना पार एकांतवास में निवास कर रहे हैं। ऐसे में गुरुवार तड़के उनका आश्रम पहुंचना भक्तों के लिए खास पल रहा।

महाराज ने आश्रम में कुछ समय बिताया और इस दौरान मौजूद भक्तों को दर्शन दिए। अचानक अपने सामने महाराज को देखकर श्रद्धालुओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। भक्तों ने श्रद्धा और भाव के साथ उनके दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।

कुछ समय आश्रम में रुकने के बाद संत प्रेमानंद महाराज पुनः यमुना किनारे स्थित अपने एकांतवास स्थल के लिए रवाना हो गए। महाराज के दर्शन की खबर मिलते ही वृंदावन में उनके अनुयायियों के बीच यह चर्चा का विषय बन गई।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now