मामूली विवाद में चली गोलियां, राहगीर युवक को लगी गोली; वीडियो वायरल

  • 1 day ago
  • 164 views


मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। फायरिंग की चपेट में आकर एक राहगीर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र के जौनाई गांव में रविवार को ट्रैक्टर के पास से स्कूटी निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर एक पक्ष ने कथित तौर पर सरेआम फायरिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान वहां से गुजर रहा 19 वर्षीय रोहित, पुत्र तोती, गोली की चपेट में आ गया। गोली युवक की छाती और गर्दन के बीच लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस बीच वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग कथित रूप से हथियार लहराते और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही सीओ सदर वरुण मिश्रा और थाना जैंत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी।

सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि वीडियो के आधार पर संदिग्धों को चिन्हित कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now