बुनियादी सुविधाओं को लेकर हरदेव गंज में महिलाओं का फूटा गुस्सा, नगर पालिका अध्यक्ष व सभासद के खिलाफ किया प्रदर्शन

  • 6h ago
  • 78 views


कोसीकलां (मथुरा)। नगर पालिका परिषद कोसीकलां के वार्ड संख्या-4 स्थित हरदेव गंज में सोमवार को बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्र होकर नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल एवं वार्ड सभासद सद्दाम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने टूटी सड़क, गंदे पेयजल, सफाई व्यवस्था और चोक नालियों की समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका में शिकायतें और प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि मोहल्ले की सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है, जिससे रोजाना बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। उनके अनुसार करीब 15-15 दिनों के अंतराल पर पानी की आपूर्ति होती है और जो पानी आता है वह इतना गंदा होता है कि उसका उपयोग पीने तो दूर, कुल्ला या मुंह धोने तक के लिए भी उपयुक्त नहीं होता।

इसके अलावा स्थानीय लोगों ने सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते, जिसके कारण गलियों में गंदगी का अंबार लगा रहता है। वहीं छोटी और चोक नालियों की वजह से जलभराव और दुर्गंध की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने शासन और नगर पालिका परिषद से मांग की कि क्षेत्र में सड़क निर्माण, स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति, नालियों की सफाई और नियमित सफाई व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now