श्रीकृष्ण जन्माष्टमी तैयारियों को दिया अंतिम रूप, नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने की समीक्षा बैठक

  • संवाददाता: आकाश शर्मा
  • 17h Ago 131 Views


श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व-2026 को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने निगम अधिकारियों, अभियंताओं, सफाई निरीक्षकों और कार्यदायी संस्थाओं के साथ समीक्षा बैठक कर विभागवार तैयारियों की प्रगति जानी और समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि इस वर्ष जन्माष्टमी पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए व्यवस्थाएं पिछले वर्षों से अधिक प्रभावी, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कार्य में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सफाई और प्लास्टिक मुक्त भंडारों पर विशेष जोर

बैठक में प्रमुख मंदिरों, मंदिर मार्गों, परिक्रमा मार्ग और श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में तीन शिफ्ट में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नए सफाई कर्मचारियों की तैनाती, उनकी लोकेशन और जिम्मेदारियां भी तय करने को कहा गया।

नगर आयुक्त ने भंडारा संचालकों का शीघ्र पंजीकरण कराने और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त भंडारे आयोजित कराने पर विशेष बल दिया, ताकि पर्व के दौरान स्वच्छता और कचरा प्रबंधन बेहतर रहे।

सड़क, प्रकाश और जलभराव की व्यवस्थाएं होंगी मजबूत

निर्माण विभाग को सभी प्रमुख सड़कों का पैचवर्क, नालियों को ढकने और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित आकर्षक वॉल पेंटिंग जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को हाईमास्ट, स्ट्रीट लाइट, फसाड लाइट और तिरंगा लाइटों की जांच कर उन्हें पूरी तरह दुरुस्त रखने को कहा गया।

बारिश की स्थिति को देखते हुए भूतेश्वर और नया बस स्टैंड अंडरपास पर पंप सेट की व्यवस्था, पेयजल टैंकर, मोबाइल शौचालय और प्रमुख स्थलों पर प्याऊ लगाने के निर्देश भी दिए गए।

यमुना घाटों और श्रद्धालु सुविधाओं की होगी विशेष निगरानी

यमुना घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और स्वच्छ चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा खोया-पाया केंद्र, मेडिकल कैंप, पूछताछ केंद्र, कैंप कार्यालय और श्रद्धालु सहायता शिविर समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा, ताकि जन्माष्टमी महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now