दुष्कर्म आरोपी की ब्लैकमेलिंग से परेशान युवती सुसाइड करने पहुंची, समाजसेवियों ने बचाया

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 2d Ago 191 Views


मथुरा: पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर युवती आत्महत्या करने जा रही थी, लेकिन समय रहते दो समाजसेवियों ने उसे बचाकर एसएसपी कार्यालय पहुंचाया।

पीड़िता ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका पूर्व किराएदार संदीप उपाध्याय, जो पौरोहित्य का कार्य करता था, उसे आवश्यक काम के बहाने रुक्मणी बिहार स्थित अपने फ्लैट पर ले गया। वहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया।

युवती का आरोप है कि आरोपी उसी वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा, उससे पैसे वसूलता रहा और उसका व्हाट्सएप व ईमेल भी हैक कर लिया। इसके अलावा आरोपी और उसके परिजनों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं, जिससे वह गहरे अवसाद में चली गई।

मंगलवार को डैंपियर नगर में रो रही युवती पर समाजसेवी ममता गौतम और प्रदीप बनर्जी की नजर पड़ी। दोनों ने उसे समझाया, हिम्मत बंधाई और आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। इसके बाद वे युवती को लेकर सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की गई।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now