रक्षाबंधन पर रोडवेज की बिगड़ी चाल: मुफ्त यात्रा योजना के बीच मथुरा बस स्टैंड पर घंटों बसों का इंतजार, बरेली-अलीगढ़ रूट की बसें नदारद

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 2d Ago 216 Views


मथुरा: रक्षाबंधन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सौगात दी गई है। इस योजना के तहत महिलाएं अपने एक सहयोगी के साथ भी मुफ्त यात्रा कर सकती हैं, लेकिन मथुरा के पुराने बस स्टैंड पर यात्रियों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।

रक्षाबंधन से एक दिन पहले गुरुवार को पुराने बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और परिवार अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों बसों का इंतजार करते नजर आए, लेकिन पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

यात्रियों का आरोप है कि मथुरा से बरेली और अलीगढ़ रूट पर करीब डेढ़ से दो घंटे तक कोई रोडवेज बस नहीं आई। लोगों का कहना है कि त्योहार के मद्देनजर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था होनी चाहिए थी, लेकिन परिवहन विभाग की लापरवाही के कारण यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।

यात्रियों ने रोडवेज अधिकारियों पर सरकार की मंशा के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित न करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री की जनहितकारी योजना का लाभ तभी मिलेगा, जब बसों की पर्याप्त उपलब्धता और सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए।

अब देखना होगा कि परिवहन विभाग रक्षाबंधन पर बढ़ी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसें संचालित कर यात्रियों को राहत देता है या लोगों को इसी तरह घंटों इंतजार करना पड़ेगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now