दोस्त बना दुश्मन! दिनदहाड़े युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, CCTV वायरल

  • संवाददाता: देवेश गौड़
  • 2d Ago 224 Views


कोसीकलां (मथुरा)। मथुरा के कोसीकलां में दोस्ती खूनी दुश्मनी में बदल गई। हाईवे किनारे स्थित कमला नगर कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक युवक पर उसके ही पुराने दोस्त ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार शक्ति नगर निवासी गौरव दोपहर करीब दो बजे अपने पुराने घर कमला नगर पहुंचा था। इसी दौरान कॉलोनी निवासी उसके एक पुराने दोस्त ने अचानक चाकू निकालकर उस पर हमला बोल दिया। आरोपी ने गौरव के पेट में एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो हमलावर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल गौरव को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

गुरुवार सुबह घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें युवक पर हुए जानलेवा हमले की पूरी वारदात दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है और हमले के पीछे की वजह की जांच की जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now