प्रेम विवाह की सजा! पति ने की दूसरी शादी, 4 साल की बेटी संग पहली पत्नी को किया बेघर

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 9d Ago 221 Views


मथुरा के थाना मगोर्रा क्षेत्र की एक युवती ने प्रेम विवाह के बाद उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने दूसरी शादी कर ली और उसे चार साल की बेटी के साथ घर से निकाल दिया।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2021 में उसने अलग बिरादरी के युवक से प्रेम विवाह किया था। वह वाल्मीकि समाज से है, जबकि उसका पति ठाकुर समाज से है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष जातिसूचक शब्द कहकर प्रताड़ित करता रहा और लगातार 4 लाख रुपये दहेज की मांग की जाती रही।

महिला का कहना है कि 2023 में बेटी के जन्म पर उसके मायके वालों ने करीब 3 लाख रुपये खर्च किए, लेकिन इसके बावजूद मारपीट और उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। आरोप है कि 21 जनवरी 2025 को पति और ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से बेघर कर दिया।

स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर पीड़िता गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची और पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी व देवर के खिलाफ नामजद कार्रवाई की मांग की। महिला ने आरोपियों पर दहेज उत्पीड़न, जातीय प्रताड़ना और दूसरी शादी करने के आरोप लगाते हुए न्याय दिलाने की अपील की है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now