अपर महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे ने किया आगरा–मथुरा रेलखंड का निरीक्षण

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 9d Ago 212 Views


आगरा कैंट से मथुरा जंक्शन तक यात्री सुविधाओं, निर्माणाधीन कार्यों और संरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उत्तर मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े ने आगरा–मथुरा रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं और संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से हुई, जहां उन्होंने प्रथम व द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज और यात्री आवागमन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्टेशन प्रबंधन को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।

इसके बाद कीठम रेलवे स्टेशन पर नव निर्मित गुड्स शेड, स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन यार्ड की प्वाइंट एवं क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। साथ ही ऑन-ड्यूटी स्टेशन स्टाफ से परिचालन व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने LHS संख्या 521 (फरह-बाद) और LHS संख्या 520 का भी जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से रखरखाव, संरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म नंबर-1, पे एंड यूज़ सुविधा, लिफ्ट और स्टेशन यार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने सेकंड एवं थर्ड एंट्री पर बन रहे निर्माणाधीन होल्डिंग एरिया की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

राजकुमार वानखेड़े ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्वच्छता, संरक्षा, सुगम यात्री आवागमन और बेहतर परिचालन व्यवस्था को रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता सहित उत्तर मध्य रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now