मथुरा-वृंदावन में आयकर विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से व्यापारियों और कर्मचारियों में हड़कंप,

  • संवाददाता: राहुल ठाकुर
  • 12h Ago 202 Views


धर्मनगरी मथुरा और वृंदावन में आयकर विभाग की लगातार सक्रियता ने व्यापारियों से लेकर निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों तक की चिंता बढ़ा दी है। पिछले कुछ दिनों से विभाग की ओर से की जा रही जांच और छापेमारी को लेकर स्थानीय व्यापारिक जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

शनिवार देर शाम आयकर विभाग की टीम ने वृंदावन के व्यस्त सर्राफा बाजार में स्थित प्रतिष्ठित आर.एस. ज्वेलर्स और नेहा ज्वेलर्स के प्रतिष्ठानों पर अचानक पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की थी। विभाग की इस कार्रवाई से बाजार में हलचल मच गई थी। अभी इस कार्रवाई की चर्चाएं थमी भी नहीं थीं कि रविवार को एक बार फिर आयकर विभाग की टीम ने अपना दायरा बढ़ाते हुए एक निजी कर्मचारी के आवास पर दस्तक दे दी।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर आयकर विभाग के अधिकारी मदन मोहन रोड वाले चौराहे के पास स्थित सोनू और प्रदीप के आवास पर पहुंचे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोनू स्थानीय होटल रेडिसन में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है। टीम के सदस्यों ने घर के अंदर पहुंचकर दस्तावेजों और विभिन्न कागजातों की बारीकी से जांच शुरू कर दी।

इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम देखने को मिले। आयकर विभाग की टीम के साथ पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। अचानक हुई इस कार्रवाई को देखकर आसपास के लोगों में भी उत्सुकता और हलचल दिखाई दी।

एक के बाद एक सर्राफा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और फिर निजी कर्मचारियों के आवास पर आयकर विभाग की टीम के पहुंचने से मथुरा-वृंदावन के व्यापारिक और कारोबारी क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। आखिर आयकर विभाग की इस कार्रवाई के पीछे क्या वजह है? जांच में किन दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है और आगे विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाएंगे? इन सवालों को लेकर स्थानीय लोगों की नजरें अब विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

फिलहाल, इस कार्रवाई को लेकर आयकर विभाग की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now