भाई दूज पर मायके आई बहन की गोली मारकर हत्या! भाई से विवाद का विरोध करना पड़ा भारी, गाजियाबाद में सनसनी

  • संवाददाता: दिलीप अग्रवाल
  • 16h Ago 127 Views


उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। भाई दूज के त्योहार पर अपने मायके आई 35 वर्षीय महिला पूजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाई के साथ हुई मारपीट का विरोध करने पहुंची बहन को हमलावरों ने निशाना बना लिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम छा गया।

मामला गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंदिरापुरी कॉलोनी के डी-ब्लॉक का है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात पूजा के भाई अमन का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। आरोप है कि युवकों ने अमन के साथ मारपीट की और तमंचे की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया।

भाई के साथ हुई मारपीट की जानकारी मिलने पर पूजा अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंची। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। इसी दौरान आरोप है कि पूजा के सिर में गोली मार दी गई।

गंभीर हालत में परिजन पूजा को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूजा की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। घर में खड़ी कार और स्कूटी को भी नुकसान पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now