ट्रेनों में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार

मथुरा,  ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर सदस्यों को जीआरपी की विशेष चेकिंग टीम ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक लेपटाप, एक फोन, चांदी की अंगूठी व 17 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है। 

ट्रेनों में आपराधिक वारदातों की रोकथाम के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष चेकिंग टीम का गठन किया गया है। टीम शुक्रवार को जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के निर्देशन में प्लेटफार्म संख्या आठ पर आगरा एंड की ओर चेकिंग कर रही थी। तभी टीम ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली। उनके कब्जे से 1 लैपटॉप, एक मोबाइल फोन, एक चांदी की अंगूठी व 17,000 रुपये नगद बरामद हुए। 
पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मौहम्मद गुलाम मोहिउद्दीन उर्फ फैयाज पुत्र गुफरान निवासी ग्राम जलवाडा थाना क्योटी बाजार खिरमा पथरा गोल चौक जिला दरभंगा बिहार व शत्रुधन पुत्र जीवनलाल निवासी ग्राम सुनाज थाना कोलराज जिला शिवपुरी मध्य प्रदेश बताए। विधिक कार्रवाई के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। टीम में जीआरपी थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक ललित भाटी, आरपीएफ थाने के उप निरीक्षक सुजीत चंदेल भी शामिल रहे।