बाबा बनकर महिलाओं को ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार, पूजा के नाम पर ले उड़ता था जेवर

मध्य प्रदेश के सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाबा का भेष धरकर महिलाओं से ठगी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाओं को उनके पति पर संकट आने का डर दिखाता था और पूजा-पाठ के बहाने उनसे सोने-चांदी के जेवर ठगकर फरार हो जाता था।

थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर के अनुसार, 17 अप्रैल को भदभदा निवासी मालती प्रजापति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति बाबा बनकर उनके घर आया और पूजा के नाम पर उनका मंगलसूत्र रुमाल में रखवाकर चुपचाप लेकर फरार हो गया। इसी तरह 8 अप्रैल को धाऊ गांव की हेमलता पटेल भी इसी ठगी का शिकार हुई थीं।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी बालमुकुंद उर्फ हलुआ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से और पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अन्य स्थानों पर भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।