BA की छात्रा ने की खुदकुशी पिता को चाय पिलाने के बाद गले लगाया फांसी का फंदा

मथुरा में एक होनहार बीए की छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाने से कुछ देर पहले तक छात्रा बिल्कुल सामान्य थी उसने बच्चों को ट्यूशन पढ़ाया और अपने पिता को चाय भी पिलायी। लेकिन उसके बाद ऐसा क्या हुआ कि उसने मौत को गले लगा लिया जिससे हर कोई हैरान है।

ये पूरा मामला थाना गोविंद नगर क्षेत्र के अर्जुनपुर का है। यहां रहने वाले रामलाल की बेटी तनु ने घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी।सूचना मिलते ही गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

थाना प्रभारी रवि त्यागी का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने तनु के बीमार होने की बात कही है, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।