तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन ने ऊंट-बुग्गी को रौंदा, किसान और ऊंट की मौत

मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात वाहन ने ऊंट-बुग्गी को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक गरीब किसान और उसके ऊंट की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना गुरुवार सुबह की है, जब बलदेव क्षेत्र के संजय नगला गांव निवासी सलीम खान अपनी ऊंट-बुग्गी लेकर भूसा लेने जा रहे थे। जैसे ही वह “आशा की घड़ी” के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बुग्गी के परखच्चे उड़ गए और हादसे में सलीम खान तथा उनके ऊंट की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग सहम गए।

ग्राम प्रधान वीरपाल भरंगर के अनुसार, सलीम खान एक बेहद गरीब किसान थे, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।घटना की सूचना मिलते ही बलदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।