श्री कृष्ण जन्मभूमि और प्रेम मंदिर के पास फिल्म ‘कृष्णावतारम’ का भव्य ट्रेलर लॉन्च

धार्मिक नगरी वृन्दावन में भक्ति और सिनेमा का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां पौराणिक फिल्म ‘कृष्णावतारम’ का भव्य ट्रेलर लॉन्च किया गया। यह कार्यक्रम श्री कृष्ण जन्मभूमि और प्रेम मंदिर के समीप आयोजित हुआ, जिसने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का खासा ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत फिल्म की मुख्य अभिनेत्री संस्कृति पटेल द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद 3 मिनट 31 सेकंड का ट्रेलर लॉन्च किया गया।
ट्रेलर में भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम और महाभारत के युद्ध तक की भव्य झलक दिखाई गई है।

निर्देशक हार्दिक गज्जर की यह फिल्म तीन भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला भाग 7 मई 2026 को सिनेमाघरों में आएगा।

फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता भगवान कृष्ण, सुष्मिथा भट राधा, संस्कृति पटेल सत्यभामा और निवासिनी कृष्णन रुक्मिणी के किरदार में नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में साजन राज कुरुप, शोभा संत, पूनम श्रॉफ और पार्थ गज्जर भी अहम भूमिकाओं में हैं।

ट्रेलर लॉन्च के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और दर्शकों ने फिल्म की दिव्यता और भारतीय संस्कृति के चित्रण की सराहना की। लोगों का कहना है कि यह फिल्म सनातन परंपरा और संस्कारों को बड़े पर्दे पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगी।