सांसद डिंपल यादव ने किए ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन, यमुना हादसे पर जताया दुख, सरकार को दी नसीहत ।

वृन्दावन। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव शनिवार को धर्मनगरी वृन्दावन पहुंचीं, जहाँ उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने मंदिर के सेवायतों के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के गोस्वामी समाज द्वारा सांसद को माला, प्रसादी और अंग वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत व अभिनंदन किया गया। सांसद के आगमन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं, वृन्दावन पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं ने अपनी नेता का जोरदार स्वागत किया।

दर्शन के उपरांत मीडिया से रूबरू होते हुए डिंपल यादव भावुक नजर आईं। उन्होंने वृन्दावन में यमुना नदी में हुए नाव हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ वृन्दावन आते हैं, लेकिन उनके साथ यह हादसा होना अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

सांसद ने हादसे के लिए व्यवस्थाओं में चूक और नावों की ओवरलोडिंग को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो, यह सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अगर नावों में ओवरलोडिंग होगी, तो किसी न किसी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। सरकार को चाहिए कि वह बेहतर इंतजाम करे ताकि किसी को अपने परिजनों को न खोना पड़े। हालाँकि मंदिर में दर्शन की व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और हाई पावर्ड कमेटी के प्रयासों को सराहनीय बताया।

बाइट - डिम्पल यादव सांसद सपा ।

रिपोर्ट राहुल ठाकुर