राया में नीलगाय पर फायरिंग: घायल हालत में छोड़ भागे हमलावर, बाइक और बारूद बरामद

मथुरा जनपद के थाना राया क्षेत्र के गांव गुडेरा के समीप सोमवार शाम अज्ञात हमलावरों ने एक नीलगाय पर फायरिंग कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के समय गांव के पवन, सोनू और छोटू ग्राउंड में दौड़ रहे थे। तभी उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी। आवाज की दिशा में पहुंचने पर युवकों ने दो संदिग्धों को मौके से भागते देखा। युवकों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने चाकू फेंककर डराने की कोशिश की और फरार हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों की एक बाइक कब्जे में ले ली, जिसमें गंधक-पोटाश से बना बारूद बरामद हुआ। सूचना मिलते ही थाना राया पुलिस और पशु चिकित्सक टीम मौके पर पहुंची। घायल नीलगाय का प्राथमिक उपचार कराया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और बरामद सामान के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।