महावन थाना का वार्षिक निरीक्षण: 1.57 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने थाना महावन का वार्षिक निरीक्षण किया, जिसकी शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई। निरीक्षण के दौरान माल मुकदमाती वाहनों की जांच में 13 लावारिस मोटरसाइकिल समेत 45 अन्य वाहन पाए गए, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

मालखाने की सुव्यवस्थित व्यवस्था और डिजिटल कोडिंग की सराहना की गई, वहीं पुलिस मेस की साफ-सफाई में सुधार और कार्यालय के डिस्प्ले बोर्ड अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।

महत्वपूर्ण रजिस्टरों के अवलोकन में पिछले वर्ष अपराध नियंत्रण और वर्तमान निवारक कार्रवाई संतोषजनक पाई गई। विशेष रूप से पिछले दो महीनों में 1.57 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क किए जाने को बड़ी उपलब्धि माना गया। शस्त्रागार और दंगा नियंत्रण उपकरण भी पूरी तरह सक्रिय पाए गए।

कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण, “यक्ष” ऐप पर सत्यापन, बीट पुलिसिंग और सीसीटीवी मैपिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के बाद अधिकारी ने कस्बे में पैदल गश्त कर व्यापारियों से संवाद भी स्थापित किया।