कोसीकला में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध, बिना कार्रवाई लौटी विद्युत विभाग की टीम

कोसीकला में विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान को शुक्रवार को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। भगवती मंदिर स्थित तागड़ा मोहल्ले में हुई इस घटना के बाद टीम को बिना मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग की टीम जब क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची तो स्थानीय लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया। निवासियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद रिचार्ज कराने के बावजूद कुछ ही घंटों में बिजली आपूर्ति बंद हो जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मोहल्ले की महिलाओं ने भी खुलकर विरोध जताते हुए मीटर लगाने से इनकार कर दिया। लोगों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से लिखित आदेश दिखाने की मांग की, लेकिन टीम कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।

विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को समझाने की कोशिश की कि यह पोस्टपेड व्यवस्था है, जिसमें जितना भुगतान किया जाएगा उतनी ही बिजली मिलेगी, लेकिन लोग इससे संतुष्ट नहीं हुए।

कॉलोनी निवासी माधव पंडित, लखी चौधरी, गिरधारी महाराज, अशोक शर्मा और धर्मेंद्र शर्मा सहित अन्य लोगों ने उच्चाधिकारियों से वार्ता की मांग की। हालांकि, मौके पर मौजूद कर्मचारी किसी वरिष्ठ अधिकारी से बात नहीं करा सके।

स्थिति बिगड़ती देख अंततः विभागीय टीम को बिना स्मार्ट मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा।