हाथरस पत्रकार हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, दो मुख्य आरोपी कमल और गौरव दिल्ली से गिरफ्तार

हाथरस के चर्चित पत्रकार व प्रॉपर्टी डीलर वेद प्रकाश उर्फ सोनू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों कमल और गौरव को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को अशोक विहार थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ पकड़ा है।

गौरतलब है कि वेद प्रकाश उर्फ सोनू, जो गली जै राधे के निवासी थे, की 6 अप्रैल को हत्या कर दी गई थी। उनका शव अगले दिन सादाबाद-जलेसर रोड स्थित एक गंदे नाले में बरामद हुआ था, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की साजिश बीएच ऑयल मिल रोड स्थित कमल की फैक्ट्री में रची गई थी। आरोप है कि कमल और गौरव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपी दिल्ली वाला मोहल्ला, थाना कोतवाली हाथरस के निवासी बताए जा रहे हैं।

यह भी खुलासा हुआ है कि वारदात के दौरान आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। मृतक की बहन की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि मकान पर कब्जे की नीयत से इस हत्या को अंजाम दिया गया।

पुलिस अब तक इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जिनमें कुछ की गिरफ्तारी मुठभेड़ के दौरान भी हुई थी। वहीं, फरार चल रहे मुख्य आरोपी कमल और गौरव पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और पूरे हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।