रिफाइनरी नगर में धूमधाम से मनाया लोक आस्था का छठ महापर्व, उगते सूर्य को अर्घ्य...
- 11h ago
मथुरा। कहते हैं कि जब जिंदगी पर संकट आता है, तो कभी-कभी कोई फरिश्ता बनकर सामने आ जाता है। ऐसा ही नजारा सोमवार को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जहां चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे 64 वर्षीय बुजुर्ग यात्री की जान रेलवे सुरक्षा बल के दो उपनिरीक्षकों ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से बचा ली। अगर कुछ सेकंड की भी देरी हो जाती तो बुजुर्ग यात्री ट्रेन के नीचे आ सकते थे और एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस पूरी घटना का वीडियो स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से गाड़ी संख्या 18478 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद दोपहर 2 बजकर 03 मिनट पर रवाना हो रही थी। त्योहार के चलते स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ थी। इस दौरान कुछ आरक्षित यात्री समय पर ट्रेन में सवार नहीं हो पाए।
इसी बीच ट्रेन के S-1 कोच में चढ़ने का प्रयास कर रहे एक बुजुर्ग यात्री का अचानक संतुलन बिगड़ गया। यात्री चलती ट्रेन के गेट से लटक गए और उनके दोनों पैर प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच फंस गए। स्थिति बेहद भयावह थी। बुजुर्ग यात्री की जान पर खतरा मंडराने लगा और कुछ ही पलों में बड़ा हादसा हो सकता था।
प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे RPF के सब इंस्पेक्टर सुजीत सिंह चंदेल और RPSF के सब इंस्पेक्टर टी.आई. सिंह ने जैसे ही बुजुर्ग को मुसीबत में देखा, बिना एक पल गंवाए उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े। दोनों अधिकारियों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना बुजुर्ग को मजबूती से पकड़ा और चलती ट्रेन से सुरक्षित दूरी पर खींच लिया।
दोनों उपनिरीक्षकों की तत्परता, साहस और सूझबूझ के चलते बुजुर्ग यात्री की जान बच गई। मथुरा जंक्शन पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी RPF और RPSF के अधिकारियों के इस साहसिक कार्य की सराहना की।
बुजुर्ग यात्री से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम प्रसाद महापात्र, उम्र 64 वर्ष और निवासी ओडिशा बताया। घटना के बाद यात्री काफी भयभीत और असहज थे। रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों ने उनसे प्राथमिक उपचार लेने के संबंध में पूछा, लेकिन यात्री ने किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं होने की बात कहते हुए उपचार लेने से इनकार कर दिया।
मथुरा जंक्शन पर हुई इस घटना का पूरा घटनाक्रम स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में कैद हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से इस साहसिक कार्रवाई को ऑपरेशन 'जीवन रक्षा' के अंतर्गत सराहनीय बताया गया है। दोनों अधिकारियों ने जिस तेजी और मानवीय संवेदनशीलता के साथ बुजुर्ग यात्री को बचाया, वह कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है।
एक तरफ जहां चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश ने बुजुर्ग यात्री की जान खतरे में डाल दी, वहीं दूसरी तरफ RPF सब इंस्पेक्टर सुजीत सिंह चंदेल और RPSF सब इंस्पेक्टर टी.आई. सिंह की बहादुरी ने एक अनमोल जिंदगी बचा ली।
यात्रियों से अपील: कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें सवार हों। आपकी थोड़ी सी जल्दबाजी आपकी जान के लिए खतरा बन सकती है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर