Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 16 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश बनी जानलेवा, फरिश्ता बनकर पहुंचे RPF सब इंस्पेक्टर सुजीत सिंह चंदेल, बुजुर्ग की बचाई जान

मथुरा। कहते हैं कि जब जिंदगी पर संकट आता है, तो कभी-कभी कोई फरिश्ता बनकर सामने आ जाता है। ऐसा ही नजारा सोमवार को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जहां चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे 64 वर्षीय बुजुर्ग यात्री की जान रेलवे सुरक्षा बल के दो उपनिरीक्षकों ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से बचा ली। अगर कुछ सेकंड की भी देरी हो जाती तो बुजुर्ग यात्री ट्रेन के नीचे आ सकते थे और एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस पूरी घटना का वीडियो स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया।

जानकारी के अनुसार सोमवार को मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से गाड़ी संख्या 18478 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद दोपहर 2 बजकर 03 मिनट पर रवाना हो रही थी। त्योहार के चलते स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ थी। इस दौरान कुछ आरक्षित यात्री समय पर ट्रेन में सवार नहीं हो पाए।

इसी बीच ट्रेन के S-1 कोच में चढ़ने का प्रयास कर रहे एक बुजुर्ग यात्री का अचानक संतुलन बिगड़ गया। यात्री चलती ट्रेन के गेट से लटक गए और उनके दोनों पैर प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच फंस गए। स्थिति बेहद भयावह थी। बुजुर्ग यात्री की जान पर खतरा मंडराने लगा और कुछ ही पलों में बड़ा हादसा हो सकता था।

प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे RPF के सब इंस्पेक्टर सुजीत सिंह चंदेल और RPSF के सब इंस्पेक्टर टी.आई. सिंह ने जैसे ही बुजुर्ग को मुसीबत में देखा, बिना एक पल गंवाए उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े। दोनों अधिकारियों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना बुजुर्ग को मजबूती से पकड़ा और चलती ट्रेन से सुरक्षित दूरी पर खींच लिया।

दोनों उपनिरीक्षकों की तत्परता, साहस और सूझबूझ के चलते बुजुर्ग यात्री की जान बच गई। मथुरा जंक्शन पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी RPF और RPSF के अधिकारियों के इस साहसिक कार्य की सराहना की।

बुजुर्ग यात्री से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम प्रसाद महापात्र, उम्र 64 वर्ष और निवासी ओडिशा बताया। घटना के बाद यात्री काफी भयभीत और असहज थे। रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों ने उनसे प्राथमिक उपचार लेने के संबंध में पूछा, लेकिन यात्री ने किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं होने की बात कहते हुए उपचार लेने से इनकार कर दिया।

मथुरा जंक्शन पर हुई इस घटना का पूरा घटनाक्रम स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में कैद हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से इस साहसिक कार्रवाई को ऑपरेशन 'जीवन रक्षा' के अंतर्गत सराहनीय बताया गया है। दोनों अधिकारियों ने जिस तेजी और मानवीय संवेदनशीलता के साथ बुजुर्ग यात्री को बचाया, वह कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है।

एक तरफ जहां चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश ने बुजुर्ग यात्री की जान खतरे में डाल दी, वहीं दूसरी तरफ RPF सब इंस्पेक्टर सुजीत सिंह चंदेल और RPSF सब इंस्पेक्टर टी.आई. सिंह की बहादुरी ने एक अनमोल जिंदगी बचा ली।

यात्रियों से अपील: कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें सवार हों। आपकी थोड़ी सी जल्दबाजी आपकी जान के लिए खतरा बन सकती है।

Previous News

नरी सेमरी देवी के दर्शन की आस रह गई अधूरी, सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

Next News

जयपुर जाने वाली रोडवेज बसों में यात्रियों की मारामारी, खिड़कियों से सामान और बच्चों को चढ़ाते दिखे लोग, बसों का इंतजार करते रहे यात्री