यमुना पुल से किशोरी ने लगाई छलांग, मौत के बाद क्षेत्र में मचा हड़कंप

  • 2 days ago
  • 195 views


मथुरा के थाना यमुना पार क्षेत्र में सोमवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किशोरी ने यमुना लोहे के पुल से नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार थाना यमुना पार क्षेत्र के गांव डेगरा निवासी करीब 16-17 वर्षीय खुशी ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और पुलिस कार्रवाई से आहत होकर किशोरी ने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही थाना यमुना पार और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी के शव को नदी से बाहर निकाला गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए महावन की उपजिलाधिकारी उषा सिंह भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।

मृतका के परिजनों ने मामले को लेकर कई आरोप लगाए और पहले पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिससे मौके पर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now