मुड़िया पूर्णिमा मेले में मथुरा जंक्शन पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा एजेंसियां और रोडवेज विभाग पूरी तरह अलर्ट

  • 1 day ago
  • 144 views


विश्व प्रसिद्ध गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा मेले में शामिल होने के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु लगातार मथुरा पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रवेश द्वार और प्रतीक्षालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नजर आए। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन, पुलिस और अन्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जीआरपी, आरपीएफ, स्काउट एंड गाइड, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), डॉग स्क्वॉड सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया है। स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी रखी जा रही है, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं। जिन ट्रेनों से श्रद्धालुओं को यात्रा करनी थी, वहां कोचों और खिड़कियों के पास भी सुरक्षा कर्मियों की विशेष तैनाती की गई, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके। इसके अलावा मथुरा जंक्शन की थर्ड एंट्री पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

वहीं, रोडवेज विभाग ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की है। गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए करीब 1000 रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है। बस अड्डों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे आसानी से गोवर्धन पहुंच सकें।

इस संबंध में सीओ जीआरपी राजेश दीक्षित और क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज बी.पी. अग्रवाल ने बताया कि मेले को लेकर रेलवे और रोडवेज विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल श्रद्धालुओं की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now