गुरु पूर्णिमा पर बड़ा हादसा: राधारानी मानसरोवर कुंड में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत

  • 12h ago
  • 176 views


मथुरा के थाना मांट क्षेत्र स्थित राधारानी मानसरोवर कुंड में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करने आए 20 वर्षीय युवक की कुंड में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, गांव नंद नगरिया निवासी यशपाल उर्फ मूला (पुत्र साहब सिंह), उम्र 20 वर्ष, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं के साथ राधारानी मानसरोवर कुंड में स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास करते हुए किसी तरह पानी से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना क्षेत्र में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही थाना मांट प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस हादसे ने गुरु पूर्णिमा जैसे पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now