संरक्षित वन भूमि पर चला वन विभाग का बुलडोजर, अवैध बैनर-पोस्टर हटाए; कार्रवाई जारी रहने...
- 10h ago
आईआईटी कानपुर में बीटेक साइबर सिक्योरिटी कार्यक्रम में प्रवेश नहीं मिलने के बाद एक छात्र ने संस्थान की वेबसाइट हैक कर दी। छात्र ने वेबसाइट पर "Site is Hacked, All I Need Is Just a Fair Chance" यानी "मुझे सिर्फ एक निष्पक्ष मौका चाहिए" संदेश छोड़ दिया और बाद में इसकी जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और Reddit पर स्क्रीनशॉट भी साझा किए। छात्र का दावा था कि उसका मकसद किसी तरह का नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि अपनी साइबर सिक्योरिटी स्किल्स साबित करना था।
जानकारी के अनुसार, छात्र ने आईआईटी कानपुर के नए बैचलर ऑफ साइबर सिक्योरिटी कार्यक्रम के लिए आवेदन किया था। उसने आवेदन शुल्क जमा किया, आवश्यक दस्तावेज अपलोड किए और अपने साइबर सुरक्षा से जुड़े कार्यों का विवरण भी दिया, लेकिन वह चयन प्रक्रिया में आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद उसने संस्थान की वेबसाइट में सेंध लगाकर अपनी तकनीकी क्षमता दिखाने की कोशिश की। छात्र ने यह भी दावा किया कि उसने आईआईटी मद्रास की वेबसाइट के कुछ हिस्सों तक भी पहुंच बनाई थी।
घटना सामने आने के बाद संस्थान के सामने छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का विकल्प था, लेकिन आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने अलग रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि छात्र का भविष्य खराब करने के बजाय उसकी तकनीकी क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा। यदि वह परीक्षण में अपनी योग्यता साबित करता है, तो उसे C3iHub (आईआईटी कानपुर का साइबर सुरक्षा एवं नवाचार केंद्र) में इंटर्नशिप का अवसर दिया जा सकता है। हालांकि, मौजूदा शैक्षणिक सत्र में प्रवेश संभव नहीं है और छात्र अगले वर्ष फिर से आवेदन कर सकता है।
आईआईटी प्रशासन ने साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी संस्थान की वेबसाइट हैक करना गैरकानूनी है और किसी भी छात्र को अवसर पाने के लिए ऐसे तरीके नहीं अपनाने चाहिए। संस्थान ने कहा कि साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाशाली युवाओं का स्वागत है, लेकिन उन्हें अपनी क्षमता दिखाने के लिए कानूनी और उचित प्रक्रिया का पालन करना चाहिए। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अन्य छात्रों के लिए सही संदेश देने की कोशिश भी है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर