📢 WEBSITE BANNER & IMAGE ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE • Starting Just ₹100/Day • 📞 Call / WhatsApp: +91 7900659808

मिशन शक्ति की बड़ी कामयाबी: टूटने से बचे 24 परिवार, IPS सुरेश चंद्र रावत की पहल लाई रंग

  • 14h ago
  • 111 views


उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत मथुरा पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए कई बिखरते परिवारों को दोबारा जोड़ने का काम किया है। जनपद के नोडल अधिकारी आईपीएस सुरेश चंद्र रावत की समीक्षा बैठक में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक महीने में 24 ऐसे परिवारों में सुलह कराई गई, जो तलाक की कगार तक पहुंच चुके थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति अभियान के तहत मथुरा में महिलाओं की सुरक्षा और पारिवारिक विवादों के समाधान को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नोडल अधिकारी आईपीएस सुरेश चंद्र रावत ने मिशन शक्ति टीम के कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में सामने आए आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक महीने में जिले के विभिन्न थानों में महिलाओं और पारिवारिक विवादों से जुड़ी 412 शिकायतें दर्ज हुईं। मिशन शक्ति टीम ने इन सभी मामलों में गंभीरता से काउंसलिंग की, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। आपसी मतभेद और गलतफहमियों के कारण अलग रह रहे 24 पति-पत्नी को दोबारा साथ रहने के लिए राजी कर लिया गया।

आईपीएस सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि केवल समझौता कराना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि जिन परिवारों में सुलह हुई है, उनसे लगातार फीडबैक भी लिया जा रहा है ताकि भविष्य में विवाद दोबारा न हो। गंभीर मामलों में लोगों की मानसिक स्थिति को समझने के लिए मनोचिकित्सकों की भी मदद ली जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जिले में आने वाली कुल शिकायतों का लगभग एक-तिहाई हिस्सा महिलाओं से जुड़े अपराधों और पारिवारिक विवादों का होता है। ऐसे संवेदनशील मामलों का समाधान केवल कानूनी कार्रवाई से नहीं, बल्कि संवाद, काउंसलिंग और संवेदनशील व्यवहार से संभव है।

इसी उद्देश्य से जनपद के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां परिवारों को सम्मानजनक और शांत वातावरण में बैठाकर बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जाता है। मिशन शक्ति की इस पहल की जिलेभर में सराहना हो रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now