मथुरा में हरियाणा मार्का अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, लाखों की नगदी और कार बरामद

  • 20h ago
  • 245 views


मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की 96 बोतलें, एक लाख 90 हजार 500 रुपये की नगदी तथा एक वैगनआर कार बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में अपराध और अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नौहझील पुलिस को यह सफलता मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक जगदम्बा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रात के समय वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान निषादराज चौराहे से रायपुर मार्ग पर एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर जांच की गई।

पुलिस के अनुसार कार में सवार दोनों युवक पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तलाशी लेने पर वाहन से हरियाणा मार्का “व्हाइट एंड ब्लू” शराब की दो पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 96 पव्वे पाए गए। इसके अलावा एक आरोपी की जेब से एक लाख 90 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू उर्फ भूरा निवासी राजागढ़ी थाना सुरीर तथा गजेंद्र शर्मा निवासी महरामगढ़ी थाना नौहझील के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हरियाणा से अवैध शराब लाकर क्षेत्र में सप्लाई करने का काम करते थे। बरामद वैगनआर कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल थाना नौहझील पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now