खुर्जा देहात में हत्या का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, जान मोहम्मद हत्याकांड का खुलासा

  • 16 days ago
  • 120 views


12 जुलाई को जान मोहम्मद की हत्या के मामले में था फरार, ऑटो हड़पने की नीयत से वारदात को अंजाम देने का पुलिस का दावा

बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 12 जुलाई को हुई जान मोहम्मद की हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी लोकेश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लोकेश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और मृतक जान मोहम्मद का मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस का दावा है कि जान मोहम्मद की हत्या ऑटो हड़पने की नीयत से रची गई साजिश का हिस्सा थी। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले वारदात की योजना बनाई और फिर हत्या को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है और इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now