कांस्य फिल्म फेस्टिवल में छाईं वृंदावन की बेटी आरती क्षेत्रपाल, रेड कारपेट पर दिखी भारतीय संस्कृति और आध्यात्म की झलक

  • 14h ago
  • 250 views


वृंदावन की बेटी और अभिनेत्री आरती क्षेत्रपाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कांस्य फिल्म फेस्टिवल में अपनी खास पहचान बनाते हुए भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का गौरव बढ़ाया।
धार्मिक भजनों और आध्यात्मिक धारावाहिकों में अपनी भूमिका के लिए पहचान बनाने वाली आरती को पहली बार इस प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल के रेड कारपेट पर चलने का अवसर मिला।

पाश्चात्य चमक-दमक से भरे इस मंच पर आरती क्षेत्रपाल ने भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को अनोखे अंदाज में प्रस्तुत किया।
पीले पारंपरिक परिधान में एक हाथ में माला-झोली और दूसरे हाथ में श्रीमद्भगवद्गीता लेकर जब वह रेड कारपेट पर उतरीं तो वहां मौजूद लोगों के बीच भारतीय संस्कृति, भक्ति और सनातन परंपरा की अलग छाप देखने को मिली।

वृंदावन में जन्मी आरती क्षेत्रपाल ने अपनी इस उपलब्धि को भगवान श्रीराधाकृष्ण के धाम को समर्पित बताया।
फेस्टिवल में उनके द्वारा तैयार किए गए धारावाहिक ‘निधिवन’ और ‘यमुना जी’ सहित अन्य आध्यात्मिक प्रस्तुतियों का भी प्रतिनिधित्व किया गया।

आरती की मां अनीता क्षेत्रपाल ने बताया कि फिल्म फेस्टिवल के लिए आरती का विशेष भारतीय परिधान प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर सुलक्षणा मोगा द्वारा तैयार किया गया था, जबकि जप बैग को प्रियंका बंसल ने डिजाइन किया।

दूरभाष पर बातचीत में आरती क्षेत्रपाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहली बार पहुंचना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय भगवान श्रीकृष्ण, अपने गुरुओं, संतों और परिवार को देते हुए कहा कि उनकी मां ने उन्हें बचपन से ही भक्ति और श्रीकृष्ण प्रेम का मार्ग दिखाया।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now