बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस ट्रैक्टर से टकराई, महिला यात्री की मौत, 10 घायल

  • 3 days ago
  • 409 views


उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां सिकंदराबाद क्षेत्र में एक तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 अन्य यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक हादसा सिकंदराबाद के नेशनल हाईवे-34 पर गांव बिलसुरी स्थित फ्लाईओवर पर हुआ। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री सीटों से उछलकर घायल हो गए।

हादसे में फिरोजाबाद निवासी 50 वर्षीय सुधा की मौत हो गई। वहीं बस में सवार करीब 10 अन्य यात्रियों को गंभीर और सामान्य चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और क्षतिग्रस्त बस को हाईवे से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर लंबा जाम भी लग गया था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा बस चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य तकनीकी कारण से हुआ। वहीं मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now