ब्रेकिंग न्यूज़: अयोध्या में कोन दे रहा है बम बनाने की ट्रेनिंग - कॉलेज का पर्चा मिलने से मचा हड़कंप

  • 11h ago
  • 127 views


अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में एक संदिग्ध पर्चा मिलने से हड़कंप मच गया। पर्चे पर कथित तौर पर बम बनाने से संबंधित जानकारी और लेआउट दर्ज होने की बात सामने आई है। मामला संज्ञान में आते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। मामले में तीन लोगों से पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8 बजे मेडिकल कॉलेज के एक्स-रे विभाग में एक दराज के अंदर संदिग्ध पर्चा मिला। एक्स-रे विभाग के इंचार्ज ने ड्यूटी पर पहुंचने के बाद दराज खोली तो उसमें यह दस्तावेज दिखाई दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी तत्काल मेडिकल कॉलेज प्रशासन को दी गई।

इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने स्थानीय पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध दस्तावेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पर्चा किसने तैयार किया, उसे वहां रखने का उद्देश्य क्या था और इसके पीछे किसी गंभीर गतिविधि की योजना थी या यह किसी की शरारत थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार रात एक्स-रे विभाग में ड्यूटी करने वाले प्रथम वर्ष के एक छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान रात में वहां अन्य लोगों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दो अन्य व्यक्तियों से भी पूछताछ शुरू की है।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि पुलिस की जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है। वहीं घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं और जांच पूरी होने के बाद ही पर्चे की वास्तविकता एवं उसके उद्देश्य को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now