अयोध्या में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर: चौक क्षेत्र में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ठेले-पटरी दुकानें हटाईं

  • 11 days ago
  • 223 views


अयोध्या। शहर के व्यस्त चौक क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम और यातायात अव्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने किया, जबकि चौकी चौक प्रभारी मनोज त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, खोखे और पटरी दुकानों को हटाया गया, वहीं मार्ग में बाधा बन रहे बेतरतीब खड़े वाहनों को भी हटवाया गया। प्रशासन ने मिठाई की दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को भी चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की, जिससे सड़क की चौड़ाई बढ़ सके और यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।

अभियान के दौरान पीएसी और सिविल पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो। अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि चौक क्षेत्र में रोजाना लगने वाले जाम से आम नागरिकों, श्रद्धालुओं और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है। अधिकारियों ने कहा कि शहर को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now