थाना महावन के गांव सोहरा में हुई ओलावृष्टि से फसल नुकसान का किसान को लगा सदमा, किसान की मौत; परिवार में कोहराम

  • 4 days ago
  • 206 views

मथुरा। जनपद के थाना महावन क्षेत्र के गांव सोहरा में शुक्रवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जहां ओलावृष्टि से हुई फसल बर्बादी का सदमा एक किसान की जान ले गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव सोहरा निवासी जगदीश (पुत्र लोहोरे), जो चौपड़ वाले मोहल्ले के रहने वाले थे, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे अपने खेत पर खड़ी फसल को देखने गए थे। हाल ही में जनपद में हुई ओलावृष्टि से फसल को भारी नुकसान पहुंचा था, जिसे देखकर वह गहरे सदमे में आ गए। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह खेत में ही गिर पड़े।

परिजनों के अनुसार, उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हृदय गति रुकने से उनकी मौत हुई।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जगदीश पिछले कई दिनों से फसल के नुकसान को लेकर काफी चिंतित और परेशान थे। वह रोज खेत पर जाते और मायूस होकर लौटते थे। परिजनों ने बताया कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार मुआवजे की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई सहायता नहीं मिली थी।

घटना की खबर मिलते ही गांव में लोगों का जमावड़ा लग गया। हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध दिखाई दिया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

वहीं, शोकाकुल माहौल में परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से किसान का अंतिम संस्कार कर दिया।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now