मथुरा रिफाइनरी में संविदा श्रमिकों से कथित वसूली का आरोप, DM से शिकायत

  • 8h ago
  • 59 views


रिपोर्ट: आरती शर्मा

मथुरा रिफाइनरी में संविदा श्रमिकों से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पेट्रोलियम वर्कर्स यूनियन की ओर से जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में श्रमिकों ने आरोप लगाया है कि उनसे हर महीने 5,000 रुपये और कभी-कभी 7,500 रुपये तक की कथित चौथ मांगी जाती थी। आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर नौकरी से हटाने और गेट पास छीनने की धमकी दी जाती थी।

शिकायत पत्र में सुनील कुमार पुत्र उदयवीर सिंह समेत कई संविदा श्रमिकों के नाम और गेट पास नंबर का उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि ये श्रमिक मथुरा रिफाइनरी के ओल्ड यूनिट एरिया में सिविल मेंटेनेंस का काम करते हैं। श्रमिकों के मुताबिक, वे लंबे समय से वहां कार्यरत हैं और इससे पहले किसी ठेकेदार या अधिकारी के खिलाफ उनकी कोई शिकायत नहीं रही है।

शिकायत में वर्तमान ठेकेदार फर्म एमजी कंस्ट्रक्शन के पेटी ठेकेदार रमण और उनके सुपरवाइजर पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। श्रमिकों का दावा है कि नौकरी से हटाने का डर दिखाकर हर महीने कथित रूप से 5,000 रुपये और कभी-कभी 7,500 रुपये की मांग की जाती थी। रुपये देने से इनकार करने पर उन्हें कथित तौर पर परेशान किया जाता था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, कथित वसूली का विरोध करने पर 15 मई 2026 को सुनील कुमार का गेट पास छीन लिया गया। पत्र में उनके साथ बदसलूकी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले को लेकर पुलिस में भी शिकायत की गई थी।

अब पेट्रोलियम वर्कर्स यूनियन ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही श्रमिकों को सुरक्षा प्रदान करने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now