अद्वैत वट में 1008 पार्थिव शिवलिंगों का पूजन, रुद्राभिषेक में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

  • 1 day ago
  • 96 views


वृंदावन। नगर के बांके बिहारी मंदिर वीआईपी मार्ग स्थित अद्वैत वट में श्रावण मास के अंतर्गत चल रहे शिवार्चन कार्यक्रम के तहत श्रावण मास के तीसरे सोमवार को धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर में विराजित भगवान शिव के शिवलिंग के साथ 1008 पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन और रुद्राभिषेक किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। अद्वैत वट के आचार्य राजेश किशोर गोस्वामी ने मंदिर परिसर में विराजित शिवलिंग और 1008 पार्थिव शिवलिंगों का पूजन-अर्चन कराया। वहीं रुद्राभिषेक का आयोजन पंडित ब्रह्मानंद पचौरी के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधियों के साथ संपन्न हुआ।

पूजन के दौरान मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चारण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, दही, शहद सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।

श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इसी धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए अद्वैत वट परिसर में पूरे श्रावण मास विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को भगवान शिव की आराधना के साथ धार्मिक कथाओं और भक्ति कार्यक्रमों से जुड़ने का अवसर भी मिल रहा है।

अद्वैत वट के आचार्य राजेश किशोर गोस्वामी ने बताया कि श्रावण मास के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में झूलन महोत्सव और भागवत कथा का आयोजन भी किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव का विशेष रुद्राभिषेक कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। इन धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सनातन परंपराओं और आध्यात्मिक संस्कृति से जोड़ना है।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान अद्वैत वट परिसर का वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर रहा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now