मामूली विवाद में घर से निकला 14 वर्षीय किशोर लापता, मां की आंखें रास्ते पर टिकीं घर आजा बेटा मां परेशान

  • 4 days ago
  • 211 views

मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव नरहोली (पोस्ट आडू) से एक 14 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। घर में हुए मामूली विवाद के बाद किशोर बिना बताए घर से निकल गया और पिछले कई दिनों से उसका कोई पता नहीं चल सका है। बेटे के इंतजार में मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गांव नरहोली निवासी विवेक (पुत्र रूप सिंह, उम्र 14 वर्ष) 18 अप्रैल की सुबह भाई-बहनों के बीच हुए झगड़े के बाद बिना किसी को बताए घर से चला गया। पूरे दिन घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की गई, मगर अब तक विवेक का कोई पता नहीं चल सका है।

परिजनों ने बताया कि घटना के बाद थाना हाईवे में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन सात दिन बीतने के बाद भी विवेक घर नहीं लौटा है। शनिवार सुबह मां ने बेटे से भावुक अपील करते हुए कहा, “बेटा जहां भी हो, घर लौट आओ। तुम्हारे बिना घर सूना लग रहा है। कोई कुछ नहीं कहेगा, बस एक बार वापस आ जाओ।” मां की यह अपील सुनकर आसपास के लोग भी भावुक हो उठे।

पुलिस ने भी किशोर की तलाश के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है। पुलिस के अनुसार, विवेक गांव नरहोली का निवासी है और 18 अप्रैल से लापता है। यदि किसी व्यक्ति को उसके बारे में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

परिवार और ग्रामीणों ने भी लोगों से अनुरोध किया है कि वे इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि विवेक सकुशल घर लौट सके और परिवार में फिर से खुशियां लौट आएं।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now