लखनऊ में तीन दिन से खड़ी कार से मिली युवक की लाश, दुर्गंध आने पर खुला मौत का राज

  • 12 days ago
  • 256 views


राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में सड़क किनारे तीन दिन से लावारिस खड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कार से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा खुलवाकर अंदर से शव बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, घटना सालेहनगर चौराहे के पास की है। कार करीब तीन दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी। जब लोगों को उसमें से तेज बदबू आने लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान कार का पंजीकरण नंबर UP 33 BB 8989 मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान 35 वर्षीय ज्ञानेंद्र सिंह के रूप में हुई। वह मूल रूप से रायबरेली के रहने वाले थे और वर्तमान में आशियाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर एक डिजिटल लेंडिंग (फिनटेक) कंपनी में कार्यरत थे।

पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और युवक की अंतिम गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है

 
 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now