"कन्हैया और निधिवन कब तक रहेंगे बंदी?" के जयघोष के साथ निकली जन-जागृति रैली, गौरव शर्मा ने किया जोरदार स्वागत

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 17h Ago 121 Views


श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति की मांग को लेकर मथुरा में एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है। विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति के निर्देशन में सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ जन-जागृति रैली निकाली गई। रैली में देशभर से आए साधु-संतों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर विश्व हिंदू महासंघ अधिवक्ता प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित गौरव शर्मा के नेतृत्व में रैली का जोरदार स्वागत किया गया।

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति की मांग को लेकर विश्व हिंदू महासंघ का तीन दिवसीय प्रांतीय महाअधिवेशन आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आगरा और रिफाइनरी मुख्य मार्ग से लगभग 200 वाहनों का काफिला जन-जागृति के संदेश के साथ वृंदावन स्थित स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह पहुंचा।

इस दौरान विश्व हिंदू महासंघ अधिवक्ता प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित गौरव शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति, धर्माचार्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरिओम पाठक सहित संत-महात्माओं का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति और डॉ. हरिओम पाठक ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पास स्थित मस्जिद को हटाने और जन्मस्थान की मुक्ति की मांग को लेकर यह महाअधिवेशन आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर न्यायालय में कानूनी लड़ाई जारी है, लेकिन इसके साथ ही जन-जागरण अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि संसद में कानून बनाकर जन्मस्थान को सौंपने का रास्ता प्रशस्त हो सके।

वहीं अधिवक्ता प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित गौरव शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय महाअधिवेशन के तहत मंगलवार सुबह 8 बजे सभी प्रतिभागी ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के लिए रवाना हुए। शाम को संगठन के प्रस्तावों पर मंथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जबकि 18 नवंबर को संत सम्मेलन और विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति को लेकर आगामी रणनीति की घोषणा की जाएगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now