ग्रेटर नोएडा के थाने में महिला दरोगा की संदिग्ध मौत, बाथरूम में मिला शव; हार्ट अटैक की आशंका

  • संवाददाता: दिलीप अग्रवाल
  • 17h Ago 145 Views


ग्रेटर नोएडा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां जारचा थाने में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम का शव उनके कमरे के बाथरूम में मिला। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब मंगलवार सुबह उनके पिता ने कई बार फोन किया, लेकिन बेटी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद साथ रहने वाली महिला दरोगा से संपर्क किया गया। दरवाजा खुलवाने पर रश्मि मृत अवस्था में मिलीं। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

मामला ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र का है, जहां वर्ष 2023 बैच की सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम वर्ष 2024 से तैनात थीं। मंगलवार सुबह उनके पिता ने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने रश्मि के साथ रहने वाली दूसरी महिला सब इंस्पेक्टर से संपर्क कर बेटी का हाल जानने को कहा।

बताया जा रहा है कि काफी देर तक कमरे का दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो रश्मि गौतम बाथरूम में मृत अवस्था में पड़ी मिलीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मूल रूप से कानपुर नगर की रहने वाली रश्मि गौतम के पिता भी उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं।

फिलहाल शुरुआती आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है, लेकिन महिला दरोगा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now