24 नवंबर को बजनी थी शहनाई, उससे पहले तिरंगे में लिपटकर घर लौटेगा अलीगढ़ का लाल; कुपवाड़ा में जवान करण चौधरी की मौत

  • संवाददाता: दिलीप अग्रवाल
  • 17h Ago 128 Views


जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा है। अलीगढ़ के जवान करण चौधरी की जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 24 नवंबर को उनकी शादी होनी थी और परिवार बेसब्री से उनके घर लौटने का इंतजार कर रहा था। लेकिन दूल्हा बनकर आने वाले बेटे की जगह अब परिवार को उसके पार्थिव शरीर का इंतजार है।

यह दर्दनाक खबर अलीगढ़ की अतरौली तहसील के गांव सिरसा से सामने आई है। गांव निवासी सेना के जवान करण चौधरी जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा स्थित लोहलाम-सोगाम क्षेत्र में 22 राष्ट्रीय राइफल्स के साथ तैनात थे।

परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब चार बजे बटालियन के अधिकारियों ने फोन कर करण की मौत की सूचना दी। परिवार को बताया गया कि जवान के सिर में दो गोलियां लगी थीं। हालांकि, गोली किन परिस्थितियों में लगी और घटना की असल वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

सबसे दुखद पहलू यह है कि करण की शादी 24 नवंबर को तय थी। 22 नवंबर को सगाई का कार्यक्रम होना था। घर में शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। रिश्तेदारों में कार्ड बांटे जा चुके थे और परिवार को बेटे के घर लौटने का इंतजार था।

करण को छुट्टी लेकर घर आना था, लेकिन शादी की खुशियों से पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। करण के पिता पप्पू सिंह और मां जयबाला का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके बड़े भाई संजय चौधरी भी सेना में कार्यरत हैं।

फिलहाल जवान की मौत की परिस्थितियों को लेकर जांच और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now