जिला अस्पताल में बेड और वार्ड फुल, मरीजों की भरमार से लगी लंबी कतारें

  • 1 day ago
  • 127 views


मथुरा में मौसम के बदलते मिजाज के बीच वायरल फीवर और मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता दिखाई दे रहा है। कभी तेज गर्मी तो कभी हल्की बारिश के चलते लोगों में सर्दी-जुकाम, बुखार और पेट से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं। इसका असर अब मथुरा के महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल में भी दिखाई दे रहा है, जहां इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

सुबह होते ही जिला अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतारें लग रही हैं। पर्चा बनने के बाद चिकित्सकों से उपचार कराने के लिए भी मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। अस्पताल में मरीजों की संख्या इतनी अधिक है कि कई चिकित्सक प्रतिदिन करीब 250 से 300 मरीजों का उपचार कर रहे हैं।

शनिवार को जिला अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में भी मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। स्थिति यह रही कि अस्पताल के कई वार्डों में सभी बेड भरे हुए नजर आए। भर्ती मरीजों के साथ उनके तीमारदार भी बड़ी संख्या में अस्पताल परिसर में मौजूद रहे।

वहीं, जांच कराने के लिए भी मरीजों को लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। रक्त जांच केंद्र के बाहर सुबह से ही मरीजों की भीड़ लगी रही। इसके अलावा दवा वितरण केंद्र पर भी मरीजों की लंबी लाइन देखने को मिली। कई मरीज दवाइयां लेने के लिए काफी देर तक कतार में खड़े नजर आए।

जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, वर्तमान समय में वायरल बुखार का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही सर्दी-जुकाम, बुखार और पेट दर्द जैसी मौसमी बीमारियों के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।

चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लें। सबसे पहले चिकित्सक से जांच और परामर्श लें और उनकी सलाह के अनुसार ही दवाइयों का सेवन करें, ताकि समय रहते सही उपचार मिल सके।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now