डीएम ने सुलझाया 3 साल पुराना मामला, किसान बोला- ‘साहब एक किलो सब्जी ले लीजिए’

  • 1 day ago
  • 151 views


आगरा। आगरा में एक किसान की करीब तीन साल से लंबित जमीन की पैमाइश की समस्या जिलाधिकारी मनीष बंसल के हस्तक्षेप के बाद सुलझ गई। समस्या का समाधान होने के बाद किसान अपने खेत में उगे करीब एक किलो ककोड़े लेकर जिलाधिकारी का आभार जताने कलेक्ट्रेट पहुंचा।

बाह तहसील के बसई अरेला निवासी किसान राम प्रकाश पिछले तीन वर्षों से अपनी कृषि भूमि की पैमाइश कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। उनका आरोप था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मामले को टालते रहे।

6 जुलाई को जनसुनवाई के दौरान किसान ने अपनी समस्या सीधे जिलाधिकारी मनीष बंसल के सामने रखी। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा और जमीन की पैमाइश में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। इसके बाद राजस्व विभाग ने भूमि की पैमाइश पूरी कर दी।

समस्या का समाधान होने से खुश किसान राम प्रकाश शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। वह अपने खेत में उगे ककोड़े का करीब एक किलो का थैला लेकर आए और जिलाधिकारी को भेंट करते हुए उनका आभार जताया।

किसान के इस सादगी भरे अंदाज से जिलाधिकारी भी प्रभावित हुए और उन्होंने किसान का उपहार स्वीकार किया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसान ने जिस अपनत्व और स्नेह से यह उपहार दिया है, उसे ठुकराया नहीं जा सकता।

जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों की शिकायतों का समय से निस्तारण किया जाए और भूमि संबंधी मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now