25 दिन से लापता 70 वर्षीय पिता... बेटे की आंखें आज भी तलाश में, मथुरा की गलियों में भटक रहा परिवार

  • 1 day ago
  • 273 views


ब्रज के पुरुषोत्तम मास में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए मथुरा-वृंदावन पहुंचे, लेकिन इसी आस्था के बीच एक परिवार पर ऐसा दुख टूटा, जो पिछले 25 दिनों से अपने बुजुर्ग पिता की तलाश में दर-दर भटक रहा है।

नागपुर निवासी 70 वर्षीय मोहन गोविंद यादव 22 मई को अपने साथियों के साथ वृंदावन आए थे। उन्होंने भागवत कथा में भाग लिया और 29 मई को श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। दर्शन के बाद वह अपने साथियों से बिछड़ गए और तब से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

साथियों ने काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर वृंदावन पुलिस से मदद मांगी। परिजनों का आरोप है कि गुमशुदगी दर्ज करने के बजाय केवल एनसीआर दर्ज कर दी गई। जब इसकी जानकारी परिवार को मिली तो उनका पुत्र हितेश रमेश यादव नागपुर से मथुरा पहुंच गया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अपने पिता की तलाश की गुहार लगाई।

पीड़ित पुत्र का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक उसके पिता का कोई पता नहीं चल सका है। शुक्रवार को वह जीआरपी मथुरा जंक्शन पहुंचा और स्टेशन परिसर में अपने पिता के गुमशुदगी के पोस्टर लगाए, ताकि किसी को उनकी जानकारी मिले तो परिवार तक सूचना पहुंच सके।

परिजनों के अनुसार, मोहन गोविंद यादव मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। परिवार ने प्रशासन और आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या परिवार को सूचित करें।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now