यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला: पेट्रोलिंग वाहन में पीछे से घुसी तेज रफ्तार सियाज

  • संवाददाता: आकाश शर्मा
  • 1d Ago 168 Views


मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। नियमित गश्त कर रहे पेट्रोलिंग वाहन में पीछे से तेज रफ्तार मारुति सियाज कार घुस गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि पेट्रोलिंग वाहन क्षतिग्रस्त हो गया

घटना सोमवार सुबह करीब 3 बजकर 34 मिनट की है। यमुना एक्सप्रेसवे के चैनेज 86+900 पर मथुरा टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग टीम टाटा योद्धा वाहन से हार्ड शोल्डर पर नियमित गश्त कर रही थी।

इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही मारुति सियाज कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पेट्रोलिंग वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि पेट्रोलिंग टीम और कार सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।

हादसे में पेट्रोलिंग वाहन को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना तत्काल थाना सुरीर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now