सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद पर प्रशासन का शिकंजा, घर पर चस्पा हुआ नोटिस; 15 दिन में जवाब नहीं तो चलेगा बुलडोजर

  • 111d Ago 236 Views


गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खोड़ा क्षेत्र के नवनीत विहार स्थित असद के मकान पर प्रशासन ने नोटिस चस्पा कर 15 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने का अल्टीमेटम दिया है। इस दौरान तहसील प्रशासन की मौजूदगी में ढोल बजवाकर और लाउडस्पीकर से पूरे इलाके में कार्रवाई की जानकारी दी गई।

प्रशासन का दावा है कि आरोपी का मकान अवैध कब्जे वाली जमीन पर बना हुआ है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब नहीं दिया गया या अवैध कब्जा नहीं हटाया गया, तो प्रशासन ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा और उसका पूरा खर्च भी आरोपी से वसूला जाएगा।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। ढोल-नगाड़ों और सार्वजनिक घोषणा के बाद इलाके में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रशासन की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदार ने कहा कि खोड़ा क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की संपत्तियों की जांच की जा रही है। यदि किसी ने अपराध के जरिए संपत्ति अर्जित की है या सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि सूर्या चौहान हत्याकांड में आरोपी असद पर अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला करने का आरोप है। वहीं पीड़ित परिवार का दावा है कि सूर्या को योजनाबद्ध तरीके से बुलाकर उस पर हमला किया गया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी पक्ष की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now